नोट-अन्य सेंटरों के लिए भी महत्वपूर्ण
21 जिलों के अधिकारियों को पढ़ाया गया ईवीएम-वीवीपैट की जांच का पाठ
-गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में हुई ईवीएम-वीवीपैट एफएलसी कार्यशाला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने किया। उत्तर प्रदेश के 21 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एफएलसी सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इन सभी को एफएलसी की प्रक्रिया को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के तहत पूरा करने का पाठ पढ़ाया गया।
कार्यशाला में भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा, सचिव मधुसूदन गुप्ता भी मौजूद रहे। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 4 बजे तक चली कार्यशाला में एफएलसी से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने ईवीएम और वीवीपैट के संपूर्ण जीवन चक्र मशीनों के संचालन, रैंडमाइजेशन, कमीशनिंग, मतदान प्रक्रिया और मतगणना सहित विभिन्न प्रोटोकॉल पर प्रशिक्षण दिया।
तकनीकी प्रशिक्षण और व्यावहारिक प्रदर्शन
ईसीआईएल के विशेषज्ञ पीसी मंडल ने ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी संरचना व सुरक्षा विशेषताओं के संबंध में जानकारी दी। भारत निर्वाचन आयोग के ईवीएम प्रभाग के सचिव मधुसूदन गुप्ता ने एफएलसी के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। आगामी चुनावों के लिए तैयारी
अधिकारियों ने एफएलसी प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल, पारदर्शिता और सावधानी से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।