-आरपीएफ ने कर्मचारी को किया गिरफ्तार, कर्मचारी के खिलाफ मिली थी अनियमितता
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी । दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग स्थित कंटेनर यार्ड के कर्मचारी ने निलंबित होने पर कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। आरपीएफ ने कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि रेलवे विभाग के एक उच्च अधिकारी की जांच में आरोपी के कार्य में अनियमितता मिली थी।
आरपीएफ ने बताया कि सहायक मंडल अभियंता टूंडला रविवार सुबह दादरी रेलवे स्टेशन के पास आईसीडी यार्ड कार्यालय पर जांच करने पहुंचे। जांच के दौरान टेक्नीशियन ओमप्रकाश के कार्य में कमी मिली। उनसे कारण पूछा गया तो वह उग्र हो गए। इस पर टेक्नीशियन को निलंबित कर दिया गया। निलंबन की कार्रवाई से नाराज कर्मचारी ने अधिकारी के साथ अभद्रता की और कार्यालय में तोड़फोड़ की। मेज व कंप्यूटर तोड़ दिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने पर आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।