तावडू। क्षेत्र में शनिवार रात को चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। जबकि, तीसरी वारदात करने में चोर नाकाम रहे। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ताहिर खान निवासी गांव मालाका ने बताया कि सोहना रोड पर पुराने पेट्रोल पंप के सामने उन्होंने एक किराये की दुकान ले रखी है। दुकान पर रेडिएटर की मरम्मत का कार्य होता है। ताहिर ने बताया कि शनिवार रात को चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर एक ऑक्सीजन गैस सिलिंडर, सिलिंडर घड़ी और गैस कटर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। वहीं, गांव चाहल्का में चोर घर के बाहर खड़ी कार के साइलेंसर को चोरी कर ले गए। हकमुद्दीन ने बताया कि शनिवार देर शाम को उन्होंने अपनी कार को घर के बाहर खड़ा किया था। जब सुबह कार को स्टार्ट किया तो पता चला कि गाड़ी का साइलेंसर नहीं है। इसके अलावा चोर तावडू-भिवाड़ी मार्ग पर पुरानी अनाज मंडी स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी करने में नाकाम रहे। दुकान मालिक लालू ने शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।