सालेपुर का मामला, शराब के ठेकों को बंद कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सालेपुर में शराब के ठेकों को बंद कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दो महीनों में दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत शराब पीने से हो चुकी है, जबकि छह लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब के ठेकों के चलते युवाओं और मजदूर वर्ग में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। इससे उनपर आर्थिक संंकट आ रहा है। महिलाओं ने बताया कि शराब के कारण घरों में आए दिन झगड़े हो रहे हैं और कई परिवार पूरी तरह टूट चुके हैं।
यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन खारी ने कहा कि अगर गांव और आसपास के क्षेत्रों से ठेके नहीं हटाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मौतों की जांच नहीं होगी, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा रिक्सवाल, प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव, प्रदेश प्रवक्ता सौरभ भाटी आदि ने कहा कि लगातार बिगड़ रही गांव की स्थिति पर रोक लग सके।