-
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। रजिस्ट्री कार्यालयों को हर रविवार खोलने और रोस्टर के अनुसार रात 8 बजे तक काम कराने के आदेश के विरोध में अधिवक्ता उतर गए हैं। बार एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष प्रवीण डेढा ने प्रतिनिधियों संग एआईजी प्रथम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि रविवार को बैंक बंद रहते हैं। ऐसे में लोगों को पैसे निकालने और जमा करने में परेशानी होगी। ज्यादातर रजिस्ट्री के काम में नकद लेन-देन होता है इसलिए बैंक बंद रहने से आम लोगों को दिक्कत उठानी पड़ेगी।
वकीलों ने कहा कि रात 8 बजे तक काम करने से सुरक्षा का खतरा बढ़ सकता है। देर शाम नकदी लेकर आने-जाने में लूटपाट जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इससे अधिवक्ता, बैनामा लेखक, स्टांप विक्रेता और टाइपिस्ट सभी को जोखिम रहेगा। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से इस आदेश पर दोबारा विचार करने की मांग की है। उन्होंने प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। इस मौके पर महासचिव एलसी. शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवनीश गुप्ता, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, विजय गौतम व बिलाल बर्नी, संयुक्त सचिव बीबी. पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष एनके शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।