यूपी जीएसटी की टीम ने पकड़ी नोएडा की कंपनी की कर चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य कर के गौतमबुद्ध नगर जोन की टीम ने नोएडा की एक आईटी कंपनी की बड़ी गड़बड़ी पकड़ी है। कंपनी ने दिल्ली की बोगस कंपनियों के साथ 22.83 करोड़ कारोबार दिखाया और फिर 1.92 करोड़ का आईटीसी क्लेम कर लिया। आईटीसी का पैसा भी कंपनी को मिल गया था लेकिन गोपनीय सूचना व डाटा विश्लेषण के बाद विभाग ने कंपनी की चोरी पकड़ ली और 1.30 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी ने जुर्माना जमा भी कर दिया है।
जीएसटी के अफसरों ने बताया कि सेक्टर-6, नोएडा में आईटी कंपनी है। ये कंपनी आईटी सिस्टम इंटीग्रेशन में हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की आपूर्ति का व्यापार करती है। कंपनी के फर्जी तरीके से आईटीसी क्लेम करने की गोपनीय सूचना मिली। इसके बाद कंपनी के कारोबार के डाटा का विश्लेषण किया गया। कंपनी ने दिल्ली की बोगस फर्मों के साथ 22.83 करोड़ का कारोबार दिखाया और 1.92 करोड़ का आईटीसी क्लेम कर दिया। जांच के बाद कंपनी पर 1.30 करोड़ का जुर्माना लगाया गया। संयुक्त आयुक्त राज्य कर नोएडा कौशलेंद्र कुमार राय ने बताया कि कार्रवाई करने वाली टीम में उपायुक्त निखिल बाजपेयी, सहायक आयुक्त अजय कुमार श्रीवास और राज्य कर अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे। अन्य फर्मों की भी जांच की जा रही है।