तावडू। नगर की नई अनाज मंडी में सोमवार और मंगलवार बाजरे की फसल बेचने के लिए आए कई किसानों को तकनीकी समस्या के कारण गेट पास जारी नहीं हुआ। इससे उन्हें मंडी में लंबा इंतजार करना पड़ा। तकनीकी खामियों के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज किसानों में प्रशासन के प्रति रोष है। उन्होंने जल्द समाधान की मांग की है।
वहीं मंडी प्रशासन का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण गेट पास जारी होने में देरी हो रही है। सोमवार और मंगलवार को 163 किसानों को मोबाइल पर संदेश भेजकर मंडी बुलाया था। सोमवार को मंडी पहुंचे 73 किसानों में से मात्र 12 किसानों को ही गेट पास जारी हो सका। अन्य किसानों को देर शाम तक गेट पास के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। किसान तेजराम, बलराम, रणजीत, कालूराम, अंतराम सिंह, सतपाल, अशोक कुमार ने बताया कि सोमवार को वह सुबह 8 बजे मंडी आए थे, लेकिन मंडी कर्मचारियों ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
किसानों का आरोप है कि सरकार के पास कोई उचित व्यवस्था नहीं है उन्होंने ऑनलाइन प्रणाली का विरोध करते हुए मैनुअल तरीके से फसल खरीद की बात कही। इस बारे में तावडू मार्केट कमेटी सचिव मनीष कुमार ने बताया कि गेट पास जारी होने की समस्या एक तकनीकी समस्या है जो प्रदेश स्तर कई जगहों पर है। फिलहाल समस्या का समाधान कर लिया गया है। मंगलवार को मंडी में किसानों को ऐसी कोई समस्या नहीं हुई। मंडी में किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।