संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। परवालों गांव से भोजपुर जाने वाली सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है। सड़क पर जगह जगह पर बिखरी होने के कारण बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। परवालों व भोजपुर गांव के बीच में स्कूल होने से रोजाना विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बूडिया निकलने वाले इस रास्ते से लगभग 50 हजार आबादी जुड़ी है। स्कूल रोड की सड़क का निर्माण काफी समय पहले किया गया था। इस रास्ते प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना जाना होता है। स्कूल के पास बनी इस सड़क पर दूसरी और खेत लगते हैं। इससे दो हिया वाहन चालक सड़क के गड्ढे बचाने के लिए खेत में भी गिर चुके हैं और चारपहिया वाहनों तेज रफ्तार से यहां पर पानी जमा होने से विद्यार्थियों के कपड़े तक खराब कर चुके हैं।
गांव परवालों के मामचंद, राकेश कुमार, ललित कुमार, सुनील कुमार, दीप चंद, लक्ष्मी चंद, रामेश्वर, विजय सांगवान, सोनू, बाला देवी, सपना रेखा, व भोजपुर के महिंद्र सिंह, दीवान चंद, रमेश चंद, बलदेव सिंह का कहना है कि रोजाना इस रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है जिससे भारी परेशानी होती है।
कई बार तो सड़क में बने गहरे गड्ढे दिखाई न देने से राहगीर व गांव के कई लोग भी चोटिल हो चुके हैं। साथ ही स्कूल भी है। इसकी वजह से दोपहिया से चार पहिया वाहनों का आवागमन होता है। स्कूल में पढने वाले छात्र आस पास के गांवों से अधिकतर इस रास्ते से आते जाते हैं। रास्ता जर्जर होने से आए दिन बच्चों की साइकिल पंचर होती है।
ग्राम पंचायत भोजनपुर के सरपंच कमलजीत सिंह का कहना है कि सड़क टूटने से इस रास्ते पर साइकिल एवं मोटरसाइकिल से निकलने वाले राहगीर आए दिन फिसल कर गिर जाते हैं। इस सड़क का कई बार टेंडर लग चुका है, लेकिन ठेकेदार टेंडर छोड़कर जा चुका है।
जल्द लगाई जाएगी निविदा : अंकुर
जिला परिषद प्रतिनिधि अंकुर कांबोज ने बताया कि सड़क पर पैचवर्क का कार्य करवाया गया था, बारिश की वजह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। जल्द निविदा जारी कर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।