दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) ने परशुराम चौक, मीठापुर, बदरपुर में प्रधानमंत्री कौशल केंद्र शुरू किया। इसका उद्घाटन कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने किया।
इस मौके पर कालका और काहलों ने कहा कि केंद्र सरकार ने डीएसजीएमसी के सहयोग से 100 करोड़ रुपये की लागत से ऐसे कौशल केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इनमें सिख नौजवानों को विभिन्न तकनीकी और पेशेवर कोर्स में प्रशिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रति माह 2000 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है ताकि उन्हें पढ़ाई और प्रशिक्षण दोनों में सहूलियत मिल सके। केंद्र में करीब 26 से 27 प्रकार के कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें तकनीकी, व्यावसायिक और रोजगारपरक प्रशिक्षण शामिल हैं। इनसे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और नौकरियों के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।