फिल्म सिटी के साथ ही राया अर्बन सेंटर बसाने की तैयारी
ग्रेटर नोएडा। यीडा सिटी के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी बसाने के फैसले के बाद अब राया अर्बन सेंटर बसाने पर जोर है। प्राधिकरण ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए करीब 9366 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। दरअसल, मथुरा जिले में 9,366 हेक्टेयर जमीन पर नई टाउनशिप बसाई जाएगी। इसे राया अर्बन सेंटर नाम दिया गया है। इसमें 20.1 प्रतिशत इंडस्ट्री होगी। 2.5 प्रतिशत में मिक्स लैंड यूज होगा। इसका मास्टर प्लान उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले ही पास कर दिया है। इसके साथ ही वृंदावन को भी हैरिटेज सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। ऐसे में फिल्मों की शूटिंग के लिए फिल्मकारों को एक नई लोकेशन मिल जाएगी। धार्मिक पर्यटन स्थल को ध्यान में रख प्राधिकरण का प्लान है कि यहां पर पर्यटन उत्पादों से जुड़ी इंडस्ट्री ही लगे। ताकि यह ग्रीन सिटी के रूप में विकसित हो। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने राया अर्बन सेंटर के लिए जमीन का अधिग्रहण जल्द शुरू करने की बात कही।
गौरतलब है कि यमुना प्राधिकरण का पहला फेज लगभग पूरा होने को है। पहले फेज में कुछ ही जमीन बची है। ऐसे में दूसरे चरण में राया अर्बन सेंटर को ही विकसित किया जाएगा। इसके बाद बाजना (अलीगढ़) के पास भी 11,004 हेक्टेयर जमीन में टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर बसाया जाएगा। यहां पर 16.2 फीसदी इंडस्ट्री व 14.5 फीसदी जमीन मिक्स लैंड यूज की होगी। एक अन्य टाउनशिप आगरा में बसाई जानी है। यहां 12 हजार हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप होगी। इसका भी मास्टर प्लान अभी से तैयार हो रहा है।