न्यू नोएडा को जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की तैयारी
-नोएडा प्राधिकरण ने यूपीडा से की हुई है मांग, निर्माण शुरू होने के बाद दूसरे चरण में तय होगी कनेक्टिविटी
नोएडा। दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (न्यू नोएडा) को जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की तैयारी है। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से मंजूरी मिल चुकी है। नोएडा प्राधिकरण इस जुड़ाव के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) से पैरवी करेगा। प्राधिकरण ने न्यू नोएडा क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेस-वे से यातायात के निकास और प्रवेश के लिए मार्ग बनाने की मांग की है।
अधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में पहले ही पत्र भेजा जा चुका है। यूपीडा का रुख इस प्रस्ताव पर सकारात्मक है। दूसरे चरण तक यह जुड़ाव तय होने की उम्मीद है। इस लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़ने के बाद न्यू नोएडा का कई प्रमुख मार्गों से सीधा संपर्क हो जाएगा। इनमें जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गंगा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे शामिल हैं। आगे यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ेगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया, न्यू नोएडा का क्षेत्र पहले से ही जीटी रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से जुड़ा है। सिकंदराबाद क्षेत्र में एक परिवर्तन मार्ग भी बना हुआ है। हालांकि, जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इसका सीधा संपर्क नहीं था। यमुना और गंगा एक्सप्रेस-वे के बीच प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे न्यू नोएडा क्षेत्र से होकर गुजरेगा। इससे सीधी पहुंच संभव हो सकेगी।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण करुणेश ने न्यू नोएडा के जुड़ाव की मांग यूपीडा से रखी है। उन्होंने बताया कि निर्माण शुरू होने पर दूसरे चरण में यह जुड़ाव तय होगा। लिंक एक्सप्रेस-वे पर निकास बिंदु और प्रवेश मार्ग बनाए जाएंगे, जिनकी सटीक जगह का चयन भविष्य में होगा। महा योजना में न्यू नोएडा के लिए 130 मीटर चौड़ी ग्रिड सड़क प्रस्तावित है। प्राधिकरण इसी ग्रिड सड़क के हिसाब से लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़ाव लेगा।