- जलभराव से दुर्गंध और मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी अनजान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-122 की ग्रीनबेल्ट में नाले का गंदा पानी भरने से स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है। कई दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन नोएडा प्राधिकरण की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रीनबेल्ट में गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और लोगों को सुबह-शाम टहलने में भी परेशानी हो रही है।
सेक्टर-122 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिव कुमार तिवारी ने बताया कि ग्रीनबेल्ट में लंबे समय से नाले का पानी भर रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी ए और बी ब्लॉक के निवासियों को उठानी पड़ रही है। गंदे पानी के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। निवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण कुछ दिन पहले सेक्टर की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा भी ढह गया था। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
एक्सप्रेसवे किनारे ग्रीनबेल्ट भी प्रभावित-
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन किनारे बनी ग्रीनबेल्ट में भी लंबे समय से गंदा पानी जमा है। यहां से गुजरने वाले लोगों को बदबू का सामना करना पड़ता है। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
कोट-
आंधी-तूफान के दौरान निर्माणाधीन नाले का गंदा पानी दीवार गिरने के बाद ग्रीनबेल्ट में आने लगा। तब से पानी भरा हुआ है। -नीति चौहान, महासचिव, सेक्टर-122
गंदे पानी से इतनी दुर्गंध आती है कि घर में रहना मुश्किल हो गया है। खिड़की-दरवाजे बंद रखने पड़ते हैं। -रिया मंगला, निवासी, सेक्टर-122