उपराष्ट्रपति करेंगे विट्ठलभाई पटेल पर विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विधानसभा में 26 नवंबर को होने वाले 75वें संविधान दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली पुलिस, पीडब्ल्यूडी, उद्यान विभाग और सचिवालय अधिकारियों के साथ रविवार को बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस साल संविधान दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रथम निर्वाचित भारतीय स्पीकर विट्ठलभाई पटेल पर आधारित विशेष कॉफी टेबल बुक होगी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इसे जारी करेंगे। यह बुक विट्ठलभाई पटेल के 1925 में केंद्रीय विधानसभा के अध्यक्ष चुने जाने के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित की जा रही है। इसमें उनके जीवन, भाषणों, अभिलेखीय दस्तावेज और भारतीय विधायी संस्थाओं के विकास से जुड़ी दुर्लभ सामग्रियां शामिल हैं। कार्यक्रम में उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह और मुख्य सचिव राजीव वर्मा भी शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार द्वारा तैयार तीन मिनट की लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संविधान दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करने का दिन है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन पूरी गरिमा और सुचारु व्यवस्था के साथ पूरा हो।