रोहतक की मेघा और पुरुष पहलवान बुल्टी के बीच बराबरी पर छूटा फाइनल
जेवर (संवाद)। जेवर के प्राचीन दाऊजी मंदिर महिला कबड्डी टूर्नामेंट के बुधवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट के बेहद रोमांचक फाइनल में प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सांई सोनीपत हरियाणा की टीम को कड़े मुकाबले में हराते हुए खिताब अपने नाम किया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए जेडी अकादमी की कीर्ति को चुना गया। टूर्नामेंट की प्रथम विजेता प्रज्ञान पब्लिक स्कूल की टीम को 41 हजार नकद व ट्रॉफी और उपविजेता को 31 हजार नकद व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
वहीं, 60 किलो भार वर्ग में रोहतक की मेघा और पुरुष पहलवान बुल्टी के बीच बराबरी पर छूटा फाइनल। दरअसल फाइनल मुकबले में मेघा के सामने 60 किलो भार वर्ग में दूसरी महिला पहलवान मैदान में नहीं उतरी। जिसके बाद मेघा ने समिति से कहा कि वह 60 किलो भार वर्ग के किसी भी पुरुष पहलवान के साथ कुश्ती करेंगी। इसके बाद मेघा रोहतक और बुल्टी पहलवान स्यारौल अलीगढ़ के बीच 31 हजार रुपये की कुश्ती कराई गई। दोनों पहलवानों ने जमकर जोर आजमाइश के साथ ही दाव पेच लगाए लेकिन कुश्ती बराबरी पर छुटी। दंगल के आयोजक नगर पंचायत चेयरमैन नारायण माहेश्वरी ने दोनों पहलवानों को आधा- आधा इनाम देकर सम्मानित किया। बृहस्पतिवार से मेले में पुुरुष कबड्डी के मुकाबले शुरू होंगे। महिला कबड्डी टूर्नामेंट के व्यवस्थापक हरीश शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में पांच राज्यों की 22 महिला कबड्डी टीमों ने भाग लिया था। टूर्नामेंट के विशिष्ट अतिथि कुशलपाल सिंह व गौतम सिंह ने विजेता और उपविजेता को नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अधिवक्ता कपिल शर्मा ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जेडी आकादमी नोएडा की कीर्ति को साइकिल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अध्यक्ष ओपी शर्मा, महासचिव बनवारीलाल शर्मा, आयोजक अश्विनी शर्मा, उपाध्यक्ष यशु शर्मा, हरेंद्र शर्मा, हरिकिशन, सूरजभान शर्मा, हरीश शर्मा, शिवकुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।