प्रज्ञा जोशी का विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप के लिए चयनित।फाईल फोटो
विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप-2025 के लिए भारतीय टीम में तीर्थनगरी की प्रज्ञा जोशी का चयन हो गया है। गुमानीवाला स्थित उत्तराखंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी की कोच, प्रज्ञा नवंबर में बैंकॉक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह प्रतियोगिता एक से सात नवंबर तक इंटरनेशनल जुजित्सु फेडरेशन के तत्वावधान में बैंकॉक में आयोजित की जाएगी। इसमें 22 सदस्यीय भारतीय दल हिस्सा लेगा। जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक प्रशासन एवं एशियन कोच सतीश जोशी ने बताया कि प्रज्ञा जोशी का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की हैं। प्रज्ञा पिछले 10 वर्षों से जुजित्सु खेल से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने वियतनाम में आयोजित पांचवें एशियन बीच गेम्स-2016 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप में प्रज्ञा जोशी प्लस 70 किलोग्राम भार वर्ग की सीनियर फाइटिंग एवं कांटेक्ट स्पर्धा में भाग लेंगी। उनके चयन पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। राज्य की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रज्ञा जोशी ने अपनी लगन और मेहनत से न केवल ऋषिकेश बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।
-
पुलिस पदक से सम्मानित हो चुकी हैं
खेल के प्रति समर्पण के साथ उन्होंने उत्तराखंड पुलिस विभाग में भी अपनी सेवाएं दीं। वह खेल कोटे से 9 वर्षों तक पुलिस विभाग में कार्यरत रहीं और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित हुईं। वर्ष 2015 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने अपना पूरा जीवन महिलाओं के सशक्तीकरण और मार्शल आर्ट प्रशिक्षण को समर्पित कर दिया। वर्तमान में वह उत्तराखंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी, गुमानीवाला में कोच के रूप में कार्यरत हैं। जहां वह महिलाओं और युवतियों को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही हैं।