-अचानक सप्लाई बंद होने से पिनगवां कस्बा व कई गांवों के लोग गर्मी से रहे बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । भीषण गर्मी के बीच 33 केवी लाइन में आए फाल्ट के कारण लहाबास फीडर से जुड़े कई गांवों और कस्बा पिनगवां की बिजली आपूर्ति कुछ घंटों के लिए बाधित रही। अचानक सप्लाई बंद होने से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन बिजली विभाग की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फाल्ट को ढूंढने का काम शुरू किया। तेज गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारियों ने लगातार मेहनत करते हुए लाइन की जांच की। कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट का पता लगाकर उसे ठीक किया गया।बिजली विभाग के कर्मचारियों की सक्रियता और समर्पण के चलते कुछ ही घंटों में विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली और लोगों ने बिजली कर्मियों के प्रयासों की सराहना की। ऋषि पंडित, कुर्सीद, एजाज,सरजीत व अन्य ग्रामीणों ने कहा है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन विभाग की तत्परता से समस्या का जल्दी समाधान होना राहत की बात है।