रबूपुरा (संवाद)। भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार रात करीब 8 बजे बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने के कारण कस्बे के कई मोहल्लों में घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके पहले कई इलाकों में बिजली ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या रही। बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए उपभोक्ता लगातार बिजलीघर और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करते रहे। लोगों का कहना है कि फोन पर जानकारी लेने के बावजूद काफी देर तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित चल रही है। आए दिन हाईटेंशन लाइनों में फॉल्ट, ब्रेकडाउन और लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही है जिसके कारण नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही। गर्मी के इस मौसम में लंबे समय तक बिजली कटौती से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। देर रात बिजली आपूर्ति को दोबारा सुचारू किया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में एसडीओ दनकौर विशाल चौधरी ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। विभागीय कर्मचारियों ने लगातार काम कर रात में ही फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी।