आतिशी ने कहा- सात वर्षों से विपक्षी दलों की सरकारों को तोड़ने में लगी भाजपा
जैस्मीन ने कहा- नोटिस में न ही किसी एफआईआर का जिक्र है, न ही यह कोई समन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा पर आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाने के मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व शिक्षा मंत्री आतिशी को क्राइम ब्रांच की ओर से नोटिस जारी होने पर रविवार को राजनीतिक घमासान मचा रहा। मामले में मुख्यमंत्री निवास पर पहले आप नेताओं ने बैठक की। इसके बाद उन्होंने मीडिया के माध्यम से भाजपा पर दिल्ली पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए क्राइम ब्रांच के नोटिस पर सवाल खड़ा किया।
आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भाजपा पर आप के विधायकों के खरीदने के लगाए गए आरोप के संबंध में क्राइम ब्रांच की टीम मुख्यमंत्री व उनके घर सबूत मांगने पहुंची थी। आप के विधायकों से उन्हीं लोगों ने संपर्क किया जो सात वर्षों से अलग-अलग राज्यों की सरकारों को तोड़ रहे हैं। इन लोगों ने वर्ष 2016 में उत्तराखंड में कांग्रेस के नौ विधायकों को तोड़कर भाजपा में शामिल कराया था। वहीं, गोवा में जुलाई 2019 में कांग्रेस के 14 विधायक भाजपा में शामिल कराए। इसी तरह कर्नाटक में जुलाई 2019 में कांग्रेस और जेडीएस के 17 विधायक भाजपा में लाए गए। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के 22 विधायक भाजपा में शामिल कराए। महाराष्ट्र में जून 2022 में एकनाथ शिंदे व 11 विधायकों को शिवसेना से तोड़कर भाजपा के साथ सरकार बनवाई। तेलंगाना में भी विधायकों को तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। लिहाजा, क्राइम ब्रांच के राजनीतिक आकाओं को पता है कि कौन वे लोग हैं जो पिछले सात-आठ साल से एक-एक कर विपक्ष की सरकारों को तोड़ रहे हैं। वे लोग ही आप के विधायकों से संपर्क कर रहे हैं।
वहीं, आप नेता जैस्मीन शाह ने कहा कि क्राइम ब्रांच के नोटिस में न किसी एफआईआर का जिक्र है और न ही यह कोई समन है। नोटिस में किसी भी आईपीसी या सीआरपीसी की धारा का भी जिक्र नहीं है। यह एक सफेद पेपर पर क्राइम ब्रांच की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक पत्र है। भाजपा ने मुख्यमंत्री को यह पत्र सौंपने के लिए पुलिस अधिकारी को घंटों नौटंकी कराने उनके आवास के घर बाहर सड़क पर परेशान किया।