नूंह। विधायक आफताब अहमद के नेतृत्व में शुक्रवार को दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नगराधीश जयप्रकाश को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से मांग की है कि प्रतिदिन देश में एक करोड़ लोगों को कोरोना के टीके लगाए जाएं। साथ ही सभी को निशुल्क वैक्सीन लगे।
विधायक आफताब अहमद ने बताया कि इस समय लोगों को कोरोना वैक्सीन की बहुत जरूरत है। लेकिन, केंद्र सरकार अब तक वैक्सीन की 6.63 करोड़ खुराक दूसरे देशों को निर्यात कर चुकी है। इससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना की दूसरी लहर को संभालने में पूरी तरह नाकामयाब रही है। इस कारण हजारों लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, कोरोना की तीसरी लहर की भी आशंका बनी हुई है। मौजूदा वैक्सीनेशन की गति के हिसाब से पूरे देश में टीकाकरण होने में 2 साल लग जाएंगे। अब तक 4 फीसदी से भी कम लोगों का टीकाकरण हुआ है। आफताब अहमद ने कहा कि उनकी मांग है कि राष्ट्रपति केंद्र सरकार को प्रतिदिन एक करोड़ लोगों को निशुल्क टीकाकरण करने के निर्देश दें। इस अवसर पर पीसीसी नेता चौधरी महताब अहमद, शरीफ सरपंच अडबर, मदन तंवर, बशीर सालहेड़ी, वहीद सलंबा, अरशद चेयरमैन, अब्बास फिरोजपुर नमक, अल्फात डीके और शमीम रहनिया आदि मौजूद रहे।
फोटो : नगराधीश को ज्ञापन सौंपते विधायक आफताब अहमद। संवाद