तावड़ू। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तावडू में बृहस्पतिवार को कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वैक्सीन लगवाने के उत्साह में लोग सामाजिक दूरी का पालन करना भूल गए। स्थिति यह रही कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।
स्वास्थ्य केंद्र के प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र सोलंकी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही पंजीकरण कराने की व्यवस्था और वैक्सीन आपूर्ति में सुधार के साथ ही टीका लगवाने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को कई दिनों बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने बताया कि केंद्र पर 18 से 44 आयु वर्ग के 100 लोगों को टीका लगाया गया वहीं 45 वर्ष से अधिक आयु के 130 का टीकाकरण किया गया। इस दौरान लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के सैंपल लिए गए। ऐसे में केंद्र पर भारी भीड़ जमा हो गई। सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए पुलिस की टीम को बुलाना पड़ा। उन्होंने बताया कि 18 से 44 वर्ष के आयु के युवाओं में टीका लगवाने के लिए भारी उत्साह है। हालांकि भीड़ की वजह से कई लोग बिना वैक्सीन लगवाए ही लौट गए। डॉ. सोलंकी ने बताया कि दिनभर में लक्ष्य से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई गई।