श्रीराम मिलेनियम स्कूल में बने माडल बूथ का निरीक्षण करते जिलाधिकारी सुहास उलवाई और पुलिस आयुक्त
नोएडा। जिले के सभी मतदान केंद्रों व अन्य जगहों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रही। सीमा क्षेत्र में दिनभर चेकिंग होती रही तो पुलिस अधिकारी और अर्द्धसैनिक बल जगह-जगह निरीक्षण करते रहे। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट से लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट तक बूथों का जायजा लेते रहे और चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों पर नजर रखी गई।
नोएडा, दादरी व जेवर में 566 मतदान केंद्रों के 1840 बूथों पर मतदान हुआ। बूथ ड्यूटी के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल व केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल को तैनात किया गया था। बड़े मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया था। बृहस्पतिवार को सुबह से ही चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर अधिकारी भ्रमणशील थे।
इसके अलावा थाना मोबाइल, प्रत्येक थाने पर दो क्यूआरटी टीमें, एसीपी, एडीसीपी, डीसीपी, सहित अन्य अधिकारी दिनभर मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं, 113 कलस्टर मोबाइल की टीमें भी तैनात रहीं। ये टीम बनाने का उद्देश्य था कि किसी तरह की सूचना मिलने पर अधिकतम पांच मिनट के अंदर मोबाइल पार्टी केंद्र पर पहुंच जाए।
फूल मंडी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय घेरा
मतदान पूरा होने के बाद फेज टू स्थित फूल मंडी के स्ट्रांग रूम में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) पहुंचा दी गईं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय घेरा बनाया गया है। 10 मार्च तक पूरे परिसर को अभेद्य किला बना दिया गया है। ईवीएम की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल को तैनात किया गया है। परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। फूल मंडी में ही मतगणना होगी। सुरक्षा के लिए पहला घेरा आंतरिक सुरक्षा, द्वितीय केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल का होगा और तृतीय घेरा स्थानीय पुलिस का बनाया गया है। दो राजपत्रित अधिकारी क्रम सेे स्ट्रांग रूम का चौबीस घंटे पर्यवेक्षण करेंगे। स्ट्रांग रूम को सीसीटीवी कैमरों से कवर कर दिया गया है। किसी को भी फूल मंडी में घुसने की अनुमति नहीं होगी। फूल मंडी में आने जाने वाले अधिकारी का पूर्ण विवरण एक निर्धारित प्रारूप में रखे गए लॉगबुक में दर्ज होगा।