फजीहत के बाद पुलिस ने मालकिन को लौटाया बकरा
ग्रेटर नोएडा/ बिलासपुर/ दनकौर। 19 अक्तूबर को बरामद चोरी के बकरे को पुलिस ने फजीहत के बाद सोमवार शाम रबूपुरा निवासी मालकिन को सौंप दिया। सोशल मीडिया में पुलिस पर चोरी का बकरा बेचने और बकरे की रिश्वत लेकर दो आरोपियों को छोड़ने के आरोप लगे हैं। आला अधिकारियों के निर्देश पर सोमवार सुबह दनकौर कोतवाली प्रभारी अनिल पांडे जांच के लिए बिलासपुर चौकी पहुंचे। जिसके कुछ घंटों बाद ही मालकिन को बकरा लौटा दिया गया। वहीं, डीसीपी ने बकरे को बेचने व रिश्वत लेने के आरोप को निराधार बताया है। मामले में रबूपुरा पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, बकरा मालकिन का कहना है कि उन्होंने रबूपुरा पुलिस को चोरी की तहरीर दी थी। साथ ही फेसबुक पर फोटो भी शेयर किए थे।
रबूपुरा निवासी महिला गुलशन का बकरा उसके घर से चोरी कर लिया गया था। 19 अक्तूबर को 2 आरोपी बिलासपुर निवासी एक शख्स की मदद से उसे बेचने कस्बे में आए थे। किसी ने बकरे का सौदा होने की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने बकरे को कब्जे में लेकर चोरों को दबोच लिया। दोनों मेंहदीपुर के ही रहने वाले थे। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि इस मामले का पता चलने पर एक आरोपी का पिता बेटे को छुड़ाने पुलिस चौकी पहुंचा। आरोप है कि पुलिस ने उसके सामने शर्त रखी कि या तो बेटा मिलेगा या बकरा। ऐसे में पिता बेटे को छुड़ाकर ले गया। वहीं, बिलासपुर चौकी पुलिस ने बकरा अपने पास रख लिया। आरोप है कि पुलिस ने पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी को 5 हजार में बकरा बेच दिया। हालांकि, पुलिस इन आरोपों को निराधार बता रही है। पूरा मामला सोशल मीडिया में उठने के बाद पुलिस की काफी फजीहत हुई। ऐसे में अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए।
मालकिन पहुंची तो चौकी से लापता था बकरा
वहीं, मीडिया में खबर आने के बाद सोमवार सुबह जब बकरा लेने गुलशन बिलासपुर चौकी पहुंची तो वह लापता था। पुलिस का कहना था कि बकरा रस्सी तोड़कर भाग गया। तब तक मामले की जांच भी शुरू हो चुकी थी। अब पुलिस बकरे और चोरों की तलाश में जुट गई। आखिरकार शाम को पुलिस ने बकरे को ढूंढकर मालकिन को सौंप दिया।
वर्जन
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रबूपुरा पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। बकरे को बेचने व रिश्वत का आरोप निराधार है। दो आरोपी एक नौ और 16 साल के थे। पकड़े जाने के कुछ देर बाद वह पुलिस चौकी से चले गए। इस लापरवाही में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार सिंह, डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन