नोट- फोटो हैं।
-डीसीपी ने दिया ऑडिट कराने के निर्देश, मौके पर कर्मचारी नहीं दे पाए जवाब, ठेकेदार और प्राधिकरण इंजीनियर बुलाए गए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-62 में सरफेस पार्किंग में सोमवार को पुलिस ने औचक छापेमारी की। यहां पर गाड़ियां लगाने के बाद लोग अंदर खाते-पीते थे। मौके पर 15 कार के चालान किए गए। 4 कार सीज कीं। पूरे क्षेत्र में मौजूद सरफेस पार्किंग चलाने वाली एजेंसी के कर्मियों को पुलिस ने चौकी ले जाकर पूछताछ की जो संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। गौरतलब है कि यहां पर सड़क किनारे देर रात तक वाहन खड़े होते हैं और हुड़दंग की शिकायतें पुलिस के पास पहुंच रही थीं।
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने सेक्टर-58 थाना पुलिस के साथ पहुंचे तो मौके पर कार खड़ी करने वाले बहुत से लोग पार्किंग की पर्ची दिखाने लगे। संस्थागत इमारतों के सामने पार्किंग किसलिए हुई है इसका संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। गौरतलब है कि यहां पर एक बड़ा रेस्तरां चलता है जो देर रात खुला रहता है। लोग अपनी कार लेकर यहां पहुंचते हैं और ऑर्डर करने के बाद पार्किंग की पर्ची कटवाकर कार के अंदर खाते-पीते हैं।
डीसीपी ने बताया कि बहुत सी कारें उन जगहों पर भी पार्किंग कर्मियों की तरफ से खड़ी करवाई गई थीं जो जगह पार्किंग के लिए आरक्षित ही नहीं है। इसको लेकर की गई पूछताछ में ठेकेदार के कर्मचारी कोई जवाब नहीं दे पाए। न ही सरफेस पार्किंग का नक्शा दिखा पाए। इसलिए अब आगे ठेकेदार व प्राधिकरण के ट्रैफिक सेल से संबंधित इंजीनियरों को बुलाया जाएगा। पूरे क्षेत्र में पार्किंग स्थल का सत्यापन करवाया जाएगा। पार्किंग को आवंटित जगह की मार्किंग होगी। खड़े वाहन में किसी भी तरह की गैर कानूनी गतिविधि पर पुलिस कार्रवाई करेगी।