जेवर। कोतवाली क्षेत्र स्थित जेवर-रबूपुरा मार्ग पर 26 मई की शाम कलेक्शन एजेंट से की गई 3.50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस के हाथ ठोस सुराग लग गए हैं। पुलिस ने 60 किमी तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस कभी भी आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर सकती है।
26 मई की शाम जेवर से रुपये लेकर लौट रहे पेंट कारोबारी के कलेक्शन एजेंट व ड्राइवर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के दम पर 3.50 की लूट को अंजाम दिया था। घटना का निरीक्षण करने पहुंचे आला अधिकारियों ने घटना के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने गुलावठी से लेकर बुलंदशहर खुर्जा व जेवर के अलावा पड़ोसी राज्य हरियाणा से जुड़ी कई जगहों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं जिन दुकानदारों से पीड़ित कलेक्शन एजेंट ने कैश इकट्ठा किया था, वहां काम करने वाले लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की थी। पुलिस सूत्रों की माने तो शुक्रवार शाम तक पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं अब पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे हुए कैैश को बरामद करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।