-तमिलनाडु से तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन की रिमांड पर लिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । कस्बे में 27 नवंबर को हुई करोड़ों रुपये की सोने-चांदी की आभूषण लूट के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने लगातार तीसरी बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस वारदात से जुड़े तीसरे आरोपी आर्य सिंह को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड पर लिया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
बता दें कि 27 नवंबर की सुबह नूंह जिले के पिनगवां कस्बे में एक ज्वेलर्स की दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। लुटेरों ने हथियारों के बल पर दुकान में घुसकर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन की, शुरुआत में ही छह अलग-अलग टीम में गठित की गई थी। पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे कड़ी पूछताछ के दौरान तीसरे आरोपी का नाम और ठिकाना सामने आया। पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विभिन्न ठिकानों पर नजर रखी। जांच में पता चला कि आरोपी लूट के बाद फरार होकर तमिलनाडु में छिपा हुआ था। पुलिस की एक विशेष टीम तमिलनाडु पहुंची और वहां से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान आर्य सिंह उर्फ भारत पुत्र बीरेंद्र के रूप में हुई है। जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के धनपुरा, थाना कादर चौक, पोस्ट ऑफिस ककराला का निवासी है। लूट के समय वह जयपुर के गोविंद विहार, चंपापुर, कालवाड़ रोड, थाना कालवाड़ में रह रहा था। पुलिस के अनुसार पहले गिरफ्तार दो आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह सफलता मिली है। अब तीसरे आरोपी से पूछताछ कर लूट के अन्य साथियों, लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और मामले के बाकी पहलुओं का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।