-पांडाल और हेलीपैड का काम अंतिम चरण में, बढ़ाई गई सुरक्षा
-जनसभा स्थल के आसपास पुलिस 24 घंटे कर रही है निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/रबूपुरा। यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28 में होने वाली मुख्यमंत्री योगी की जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर बुधवार को रबूपुरा पहुंची। उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और सीएम के हैलीकॉप्टर के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था भी जांची। उनके साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी रबूपुरा में मौजूद रहे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 फरवरी को यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28 में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री वर्चुअल तरीके से कार्यक्रम में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जनसभा में लगभग पांच हजार लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह यहां के सुरक्षा इंतजामों को जांचने के लिए रबूपुरा पहुंची थी। वहीं यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने एचसीएल कंपनी के अधिकारियों को तैयारियों को लेकर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए हैं।
उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर
यूनिट : रबूपुरा में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगने जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। औद्योगिक सेक्टर-28 में 48 एकड़ भूमि पर यह यूनिट स्थापित होने जा रही है। विश्व में इलेक्ट्रॉनिक्स की सबसे बड़ी कंपनी फॉक्सकॉन और देश की बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल के संयुक्त उपक्रम मैसर्स इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सेमीकंडक्टर यूनिट लगाएगी।
जर्मन हैंगर पांडाल में होगा कार्यक्रम : सेक्टर-28 में होने वाली जनसभा के लिए बनने वाले पांडाल का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। पांडाल पूरी तरह से वाटर प्रूफ बनाया जा रहा है और जमीन में लकड़ी के बोर्ड भी बिछाए जा रहे हैं। ऐसे में अगर बारिश भी होती है तो जनसभा में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
पुलिस कर्मी 24 घंटे करेंगे निगरानी : एसीपी जेवर सार्थक सेंगर ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने जनसभा स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए विभिन्न दिशा निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीमें 24 घंटे कार्यक्रम स्थल की निगरानी कर रही हैं। टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए।