ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र में बारात चढ़त के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल निक्की अपने साथ विवाह समारोह में लाया था।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के नगला चमरू गांव में बारात चढ़त के दौरान हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में फायरिंग करते समय निकली गोली मौके पर मौजूद एक बच्चे के सिर में जा लगी थी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल व एक अवैध तमंचा बरामद किया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल निक्की अपने साथ विवाह समारोह में लाया था। यह पिस्टल निक्की के पिता अमर सिंह के नाम पर है। निक्की ने यह पिस्टल फायरिंग के लिए आरोपी अभिषेक को दी थी। अभिषेक द्वारा की गई फायरिंग के दौरान ही बच्चे को गोली लगी। पुलिस अब तीसरे आरोपी निक्की की तलाश करी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी अभिषेक (27), ईशू (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभिषेक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस बरामद हुए है। वहीं ईशू कसाना से एक अवैध तमंचा और कारतूस मिला है। पुलिस ने इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही अभिषेक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। जिसमें टीला मोड थाना क्षेत्र से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, प्रयास-हत्या व शस्त्र अधिनियम से संबंधित गंभीर धाराएं शामिल हैं।