नूंह। कोरोना काल में पुलिस ने कई बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि लूट, स्नैचिंग, हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, गो तस्करी, एटीएम चोर सहित अन्य अपराधों में शामिल बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिले में 25 मार्च से सितंबर के बीच पुलिस ने 50 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कि या है। इन पर 500 से लेकर 75 हजार तक के इनाम थे। साथ ही अवैध हथियार रखने वाले 55 मामलों में 58 आरोपियों को पकड़ा गया है। वहीं नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ 24 मुकदमे दर्ज कर 42 आरोपियों को पकड़ा है। इन आरोपियों से 1618 किलो गांजा, 26 हजार नशीली गोलियां और 2 किलो 400 हेरोइन बरामद किए हैं।
अवैध शराब के मामलों में पुलिस ने 106 आरोपियों को गिरफ्तार करने के अलावा 15,753 बोतल देसी शराब, 24,907 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। जुआरियों पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 55 मुकदमों में 151 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनके कब्जे से 4 लाख 61 हजार रुपये मिले हैं। 11,570 वाहनों के चालान कर पुलिस ने इन आरोपियों से 1 करोड़ 61 लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है।