नूंह। सीआईए पुलिस ने राहगीरों से हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक कार, रॉड, लाठी और कारतूस बरामद किए हैं। 28 सितंबर को नूंह सीआईए इंचार्ज अमित कुमार को सूचना मिली की नूंह के कैराका मोड़ पर कुछ युवा राहगीरों से लूटपाट कर रहे हैं। मौके पर दबिश देकर आरोपियों को हथियार के साथ काबू किया गया। आरोपियों की पहचान जुनैद निवासी सिंगार पुन्हाना, राशिद निवासी हाथियाका उतर प्रदेश और सलमान निवासी फरडी बिछौर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने 23 सितंबर को शाहपुर राजस्थान में एक ट्रक चोरी की बात कबूली है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ राजस्थान के मनोहरपुरा थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का कोरोना टेस्ट कराया है। रिपोर्ट आने के बाद इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।