दादरी तिराहे पर सड़क ऑटो स्टैंड में तब्दील
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
दादरी तिराहे पर सड़क इन दिनों ऑटो स्टैंड में तब्दील हो गई है। तिराहे के चारों ओर ऑटो चालकों का जमावड़ा होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से ऑटो को तिराहे से करीब 100 मीटर दूर हटाने की मांग कई बार की है लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। दादरी तिराहा गाजियाबाद, सिकंद्राबाद और नोएडा को जोड़ने वाला प्रमुख चौराहा है। यहां हर समय यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। इसी का फायदा उठाते हुए ऑटो चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। सुबह-शाम के समय जब यातायात का दबाव अधिक होता है, तब हालात और बिगड़ जाते हैं और करीब एक किलोमीटर तक लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय व्यापारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि तिराहे के 100 मीटर के दायरे में ऑटो का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके। करीब पांच साल पहले पुलिस ने इस दिशा में कार्रवाई करते हुए तिराहे पर ऑटो के प्रवेश पर रोक लगाई थी। कुछ समय तक इसका पालन भी हुआ लेकिन बाद में स्थिति फिर पहले जैसी हो गई। यातायात पुलिस समय-समय पर वाहनों के चालान करती है, इसके बावजूद ऑटो चालकों पर खास असर नहीं पड़ रहा है।