- यूपी और जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के विवाद का खिलाड़ियों पर असर, छह खिलाड़ियों का रविवार को हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश और जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के बीच चल रहे मतभेद का असर एक बार फिर जिले के खिलाड़ियों पर पड़ा है। गौतमबुद्धनगर जिला महिला बास्केटबॉल टीम के गठन के लिए शनिवार को प्रस्तावित जिला स्तरीय ट्रायल में सूचना देर से मिलने के कारण कई खिलाड़ी पहुंच नहीं सकीं। इसके चलते 12 सदस्यीय टीम के बजाय केवल छह खिलाड़ियों का ही चयन हो सका। अब खिलाड़ियों को मौका देने के लिए दोबारा जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
दरअसल, जिला महिला बास्केटबॉल टीम के चयन के लिए शनिवार को जिला स्तरीय ट्रायल प्रस्तावित थे। यूपी बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन को ट्रायल की जानकारी ईमेल के माध्यम से दो दिन पहले भेजी गई थी। कम समय में सूचना मिलने के कारण कई खिलाड़ी ट्रायल में शामिल नहीं हो सकीं। यहीं कारण है कि शनिवार को छह खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हो सका। यूूपी बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से पूरी टीम गठन के लिए सोमवार को पुनः ट्रायल कराने पर विचार किया गया हैं।
एसोसिएशन के महासचिव दिलीप सिंह ने बताया कि शनिवार को ट्रायल में छह खिलाड़ी पहुंचीं, जिनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कर लिया गया है। वहीं, शेष छह खिलाड़ियों के चयन के लिए सोमवार को दोबारा जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जिले की 12 सदस्यीय महिला टीम का गठन किया जाएगा। 65वीं सीनियर उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय महिला बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 17 से 21 नवंबर तक अलीगढ़ में होगा। प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध नगर की 12 सदस्यीय टीम भाग लेंगी।