घर के बाहर शौच करवाने का आरोपी, विरोध पर कराया हमला
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वरूप नगर गली नंबर-14 में घर के बाहर पड़ोसी के पिटबुल कुत्ते ने रिया देवी को बुरी तरह से काट लिया। महिला का आरोप है कि घर के सामने शौच करवाने का विरोध करने पर कुत्ते से हमला करवाया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार, रिया का आरोप है कि पड़ोसी का पिटबुल रोज उनके दरवाजे पर ही शौच करता है। इस बात से परेशान होकर रिया 3 नवंबर की सुबह नौ बजे कुत्ते के मालकि से बातचीत करने गई तो दोनों में बहस होने लगी। इस बीच कुत्ते ने रियाल पर हमला कर दिया। पड़ोसी का बेटा कुत्ते को उठाकर ले जाने लगा, लेकिन शोरशराबा होने पर बेटे ने रिया को धक्का मार दिया। नीचे गिरते ही कुत्ते ने कई बार उन्हें काट लिया। कुत्ते के मालिक ने जानबूझकर हमला कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस रिया को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों व आसपास के लोगों के बयान लेकर पुलिस जांच कर रही है।