- 9 वर्षीय भव्या सितारा ने बड़ी उम्र की खिलाड़ियों को दी मात, सीबीएसई नेशनल में दिखाएंगी दम
नोएडा (संवाद)। क्रिकेट के प्रति जुनून और कड़ी मेहनत के दम पर सेक्टर-24 निवासी और बिलाबोंग हाई इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा की कक्षा पांच की छात्रा भव्या सितारा ने महज 9 वर्ष की उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भव्या ने देहरादून में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन खेल प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। इस सफलता के आधार पर उनका चयन मदुरै में होने वाले सीबीएसई नेशनल गेम्स के लिए भी हुआ है।
साढ़े पांच वर्ष की उम्र में बल्ला थामने वाली भव्या ने छोटी उम्र में ही क्रिकेट को अपनी पहचान बना लिया। अंडर-17 वर्ग में खुद से कई वर्ष बड़ी खिलाड़ियों के बीच खेलते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भव्या कोच अजय बैसोया के मार्गदर्शन में प्रतिदिन चार से पांच घंटे अभ्यास करती हैं। परिवार के अनुसार, उन्होंने शुरुआत से ही अनुशासन और मेहनत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया है। दरअसल, बालिका वर्ग में अंडर-14 प्रतियोगिता का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण भव्या को अंडर-17 श्रेणी में खेलने का मौका मिला। चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में भी उन्होंने आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया और टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब भव्या की नजर मदुरै में होने वाले सीबीएसई नेशनल गेम्स पर है। वह राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर नोएडा और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करना चाहती हैं। भव्या के पिता डॉ. ब्रह्मनीश सितारा और माता खुशबू कुमारी लगातार उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।