माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कलाधाम सोसाइटी में नलकूप के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबकर अव्यान यादव की मौत के मामले में सोसाइटी के लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। पिता शिवान यादव ने बेटे की अस्थियों का हरिद्वार में विसर्जन किया है। परिवार अभी भी सदमे में है और उनका कहना है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कार्रवाई की जानी चाहिए। जिससे भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
वहीं पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब घटना में अन्य संभावित जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों, बचाव में शामिल लोगों और संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इन बयानों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई और किन लोगों की जवाबदेही बनती है। पुलिस की ओर से मामले में एक माह से भी कम समय में चार्जशीट दाखिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि अव्यान की मौत पानी में डूबने से हुई है। सोसाइटी के निवासियों ने निर्माण कार्यों के दौरान खुले और असुरक्षित गड्ढों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि गड्ढे की उचित बैरिकेडिंग की गई होती या चेतावनी संबंधी इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।