- एमडीएम योजना की निगरानी के लिए प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड होंगी तस्वीरें
यमुना सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिए जाने वाले दूध और फल की अब शासन स्तर से निगरानी की जाएगी। इसके लिए बच्चों के दूध पीने और फल खाने की फोटो खींचकर प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए मिड-डे-मील योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत बच्चों को प्रतिदिन अलग-अलग मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन दिया जाता है। साथ ही सप्ताह में एक दिन गर्म दूध और ताजे फल भी उपलब्ध कराए जाते हैं। विभाग को कुछ स्थानों से एमडीएम वितरण में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद शासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। अब दूध और फल वितरण के समय फोटो व वीडियो तैयार कर हेडमास्टर और शिक्षकों को प्रेरणा एप पर अपलोड करना होगा। बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एमडीएम उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना की प्रभावी निगरानी के लिए सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों और शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो