संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र का विस्तार करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में 10 बेड वाले इस केंद्र की क्षमता बढ़ाकर 15 बेड की जाएगी। साथ ही बच्चों के साथ रहने वाले अभिभावकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि फिलहाल पोषण केंद्र अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर संचालित हो रहा है जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए केंद्र को चौथी मंजिल पर स्थानांतरित कर अधिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए जाएंगे और बच्चों की लगातार निगरानी के साथ कुपोषण के कारणों का भी आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुसार बेड के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी और अभिभावकों को बच्चों के पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी।