नूंह के कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बहार नकल बनाने के दौरान बैठे शरारती तत्व।
- फोटो : Mewat
नूंह। हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं के दौरान जिला मुख्यालय के अलावा अन्य खंडों में परीक्षा केंद्रों के बाहर लोगों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। सरकार और प्रशासन द्वारा भले ही केंद्रों पर सख्ती की बात कही जा रही हो, लेकिन वास्तविकता कुछ और ही है। मंगलवार को 12वीं कक्षा की गणित विषय के पेपर के दौरान नूंह के कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जमा रही। नकल कराने वाले लोग पर्ची फेंकने की जुगत में लगे रहे। जबकि परीक्षा शुरू होने से पहले ही धारा-144 लागू हो जाती है।
जिला मुख्यालय के आसपास 7 परीक्षा केंद्र हैं। इन केंद्रों पर पुलिस के एक से दो जवान मौजूद रहते हैं। जबकि एक केंद्र पर पेपर देने वाले 250 से 300 तक बच्चे होते हैं। कई परीक्षा केंद्रों पर यह संख्या अधिक होती है। एक बच्चे के साथ नकल कराने वाले 3 से 4 लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में दो पुलिस जवानों पर सैकड़ों लोगों को रोकना मुश्किल हो रहा है। इस लिहाज से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत है। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
200 से अधिक छात्रों पर बनाए गए केस
जिले में अब तक बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल करने वाले 200 से अधिक बच्चों के केस बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड के अलावा 13 उड़नदस्ते की टीमें नजर रखे हुए हैं। इसके बाद भी शरारती तत्व परीक्षा केंद्रों पर माहौल खराब कर रहे हैं।
साथियों के मोबाइल की जांच कर रही पुलिस
सोमवार को फिरोजपुर नमक परीक्षा केंद्र पर नकल कराने के आरोप में पकड़े गए केंद्र अधीक्षक और टीम के अन्य साथियों के मोबाइल पुलिस जांच कर रही है। अगर बोर्ड उड़नदस्ते द्वारा जिले में बड़े स्तर पर नकल कराने वाले परीक्षा केंद्रों के इंचार्जों के मोबाइल की जांच की जाए तो और अधिक लोगों की पोल खुल सकती है।
शरारती तत्वों पर होगी कार्रवाई
नूंह जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अब्दुल रहमान ने कहा कि मंगलवार को सोमवार की अपेक्षा परीक्षा केंद्रों पर शांत माहौल रहा। लगातार परीक्षा केंद्रों पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। केंद्रों के बाहर शरारती तत्वों पर कार्रवाई होगी।