नकली पाठ्यपुस्तकों को लेकर स्कूलों को जारी की एडवाइजरी
बोर्ड ने कहा- नकली पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता ठीक नहीं होती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने एनसीईआरटी की नकली पुस्तकों को लेकर स्कूलों को कहा है कि केवल प्रामाणिक पुस्तकें ही खरीदी जाएं। स्कूल यह सुनिश्चित करें कि अभिभावक पाठ्यपुस्तकें बोर्ड व एनसीईआरटी की ओर से समय-समय पर अधिसूचित प्रामाणिक माध्यमों से ही खरीदें। बोर्ड ने स्कूलों को चेताया है कि नकली पाठ्यपुस्तकों की गुणवत्ता ठीक नहीं होती है। इनमें मुद्रण और विषयवस्तु संबंधी त्रुटियां होती हैं जो छात्रों के सीखने के अनुभव पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
सीबीएसई ने सभी संबद्ध स्कूलों के प्रमुखों को एडवाइजरी जारी की है जिसमें उन्हें अनधिकृत पुस्तक विक्रेताओं की ओर से रियायती कीमतों पर बेची जा रही नकली एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के प्रचलन और उपयोग के प्रति आगाह किया है। बोर्ड के अनुसार ये नकली पाठ्यपुस्तकें घटिया गुणवत्ता की होती हैं और अक्सर इनमें मुद्रण व विषयवस्तु संबंधी त्रुटियां होती हैं जो छात्रों के सीखने के अनुभव पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती हैं। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे अभिभावकों और छात्रों को ऐसी नकली पुस्तकों की मौजूदगी के बारे में सूचित करें व यह सुनिश्चित करें कि अधिकृत माध्यमों से केवल प्रामाणिक एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें ही खरीदी जाएं। एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि यदि स्कूल सीधे एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें खरीदते हैं तो उन्हें ऐसा केवल सीबीएसई और एनसीईआरटी की ओर से समय-समय पर अधिसूचित अधिकृत स्रोतों से ही करना चाहिए। बोर्ड ने स्कूलों को यह जानकारी भी दी है कि किन स्थानों ने प्रामाणिक पुस्तकें प्राप्त की जा सकती हैं। सीबीएसई ने स्कूलों से शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों के बीच इस जानकारी को प्रसारित करने के लिए कहा है जिससे शिक्षण सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
रियायती दामों के कारण फंस रहे लोग
बोर्ड के संज्ञान में आया है कि अनधिकृत पुस्तक विक्रेता रियायती दामों पर एनसीईआरटी की पुस्तकों के नकली फर्जी संस्करण उपलब्ध करा रहे हैं। ये नकली पुस्तकें घटिया गुणवत्ता की होती हैं। ऐसे में बोर्ड ने अपने संबद्ध स्कूलों को सलाह दी है कि वे अभिभावकों को सलाह दें कि वे गुणवत्ता और विषयवस्तु की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकृत माध्यमों से ही प्रामाणिक एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें खरीदें। यदि स्कूल एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें खरीदते हैं तो वह भी इस बात का ध्यान रखें कि कि पुस्तकें केवल सीबीएसई और एनसीईआरटी की ओर से समय-समय पर अधिसूचित अधिकृत स्रोतों से ही होनी चाहिए।
इन माध्यामों से खरीदें पुस्तकें
एनसीईआरटी क्षेत्रीय उत्पादन एवं वितरण केंद्र, एनसीईआरटी वेबसाइट पर सूचीबद्ध अधिकृत विक्रेता, एनसीईआरटी पोर्टल पर एनसीईआरटी डाक आपूर्ति सेवा, एनसीईआरटी का आधिकारिक अमेजन स्टोरफ्रंट से पुस्तकें खरीदीं जा सकती हैं। इसके अलावा अहमदाबाद, बेंगलुरू, गुवाहाटी, कोलकाता व दिल्ली के एनसीईआरटी क्षेत्रीय उत्पादन एवं वितरण केंद्र से भी संपर्क किया जा सकता है।