लोगों ने बाजारों में खरीदी पूजन सामग्री, मंदिरों, सेक्टरों, सोसाइटियों और गांव में खास तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहर में शारदीय नवरात्र की तैयारी रविवार को पूरी कर लगी गईं। मंदिरों, सेक्टरों, सोसाइटियों और गांव में लोगों में मां भगवती की आराधना की सभी व्यवस्थाएं कीं। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की है। लोग बाजार में मां के लिए चुनरी, नारियल, पूजन सामग्री खरीदते नजर आए।
नवादा स्थित मां वैष्णो देवी, सेक्टर अल्फा-एक स्थित शिवशक्ति मंदिर, बिरौंडी स्थित कालीबाड़ी, सेक्टर डेल्टा-एक स्थित शीतला माता मंदिर, पीपल महादेव मंदिर, साइट-4 स्थित श्री शिवशक्ति मंदिर, नॉलेज पार्क स्थित संकट मोचन मंदिर, गामा एक स्थित गौरी शंकर आदि मंदिरों में सोमवार सुबह छह बजे से कलश स्थापना और पूजा-अर्चना शुरू होगी।
शुभ मुहूर्त
पंडित आरडी तिवारी ने बताया कि इस बार नवरात्रि पूरे 10 दिन तक है। इस बार तृतीया तिथि दो दिन की होगी। कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:10 से शुरू होगा। दूसरा शुभ मुहूर्त अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:50 बजे से शुरू होगा।
-
बाजारों में रही चहल पहल
ग्रेटर नोएडा के जगत फार्म, दनकौर, जेवर, सूरजपुर, श्यामनगर मंडी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न मार्केट, रामपुर, दादरी और बिलासपुर समेत अन्य जगहों पर बाजारों में रविवार को सुबह से सजावट व शृंगार की दुकानों पर दिनभर चहल पहल रही।