बरसात के मौसम में पेयजल लाइन के जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्राम धनपऊ में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। इसकी वजह से ग्रामीण बेहद परेशान है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर लाइनों को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।
लगभग 450 की आबादी वाले ग्राम धनपऊ में जल संस्थान की बिनगाड़ खड्ड से धनपऊ तक तीन किमी लंबी डाली गई लाइन से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। बरसात के मौसम में अत्यधिक वर्षा होने के कारण पाइप लाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पेयजल की आपूर्ति बाधित है।
ग्रामीण गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक प्राकृतिक स्रोत से पानी लाकर किसी तरह काम चला रहे हैं। प्राकृतिक स्रोत का पानी पूरी तरह स्वच्छ न होने के कारण संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय निवासी शूरवीर सिंह, आनंद सिंह, सुचेंद्र सिंह, चमन सिंह, राजेंद्र सिंह आदि ने कालसी के उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देकर पेयजल लाइन की अतिशीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। एसडीएम कालसी प्रेमलाल ने बताया कि जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को लाइन को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।