-रमजान का हवाला देकर लोग कर रहे इन्कार, सर्वेक्षण व स्क्रीनिंग का काम जारी
-50 सदस्यीय स्वास्थ्य टीम ने 230 घरों में 1303 लोगों से किया संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव छांयसा में मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल एवं पैरा मेडिकल स्टाफ ने घर-घर जाकर निरीक्षण, सर्वेक्षण एवं स्क्रीनिंग का कार्य जारी रखा। गांव में 50 सदस्यीय तीन टीमों ने मंगलवार को 230 घरों में जाकर 1303 आबादी को कवर किया। टीम ने संबंधित घरों के द्वार तक जाकर बीमारों के बारे में जानकारी ली। यह अभियान गांव में दूसरी बार शुरू किया गया है। रमजान के महीने में मुस्लिम बाहुल्य गांव छांयसा में लोग हेपिटाइटिस-बी से बचाव की वैक्सीन लगवाने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ के लोग गांव में लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसके बावजूद पिछले तीन दिन से एक भी ग्रामीण ने वैक्सीन नहीं लगवाई है। गांव में विभाग के स्टाफ को वैक्सीन लगाना चुनौती पूर्ण बना हुआ है। इस बारे में मुस्लिम धर्म गुरुओं से भी अपील कराई गई। इसके बावजूद भी वैक्सीन लगवाने को कोई तैयार नहीं है। इस विषम परिस्थिति के बारे में उच्च अधिकारियों को भी सूचित किया गया है। इस संदर्भ में सरपंच इस्लाम का कहना है कि उनके स्वयं के परिवार के सदस्यों को अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है।
वे परिवार के लोगों को सहमत कराकर वैक्सीन लगवाने की पहल करेंगें। धर्म स्थलों के माध्यम से भी अपील की जाएगी। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराईल चौधरी ने भी लोगों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें और वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था की पालना भी करनी चाहिए। इसके साथ साथ दुनियावी आधुनिक इलाज भी कराना चाहिए।