पुलिस द्वारा दुर्लभ प्रजाति के जंतु पैंगोलीन को वन विभाग को सौंपा गया।
नोएडा। फेज थ्री कोतवाली पुलिस ने हिंडन नदी के किनारे मिले दुर्लभ प्रजाति के जंतु पैंगोलिन को ग्रामीणों से बचाकर वन विभाग को सौंप दिया। वन विभाग के अफसरों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है। इस जंतु की तस्करी शक्तिवर्धक दवाई बनाने के लिए की जाती है। चीन में इसकी अधिक मांग है। करीब 18 किलो के इस जंतु की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो से तीन करोड़ रुपये है।
सेंट्रल जोन के एसीपी अब्दुल कादिर ने बताया कि शनिवार दोपहर में कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि हिंडन किनारे एक जंतु को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने जंतु को घेर रखा है और किसी भी क्षण उसे मार सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस भी जंतु को देखकर हैरान रह गई। चौकी प्रभारी ने तत्काल ही मोबाइल से उक्त जंतु की फोटो खींचकर वन विभाग के अधिकारियों को भेजी।
इसके बाद मामला साफ हुआ कि जिस जंतु को खतरनाक समझकर ग्रामीण मारने जा रहे थे, वह पैंगोलिन है। तस्कर दुर्लभ प्रजाति के इस जंतु का शिकार करते हैं और हड्डी से लेकर अन्य अंगों को बेच देते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत दो से तीन करोड़ रुपये तक होती है। ग्रामीणों को समझाकर पुलिस जंतु को सुरक्षित थाने ले आई। इसके बाद वन विभाग की टीम को बुलाकर सौंप दिया।
तस्करों की नजर हमेशा इस जंतु पर रहती है। विभाग ने पैंगोलिन को कब्जे में ले लिया है। इसकी रिपोर्ट प्रमुख वन संरक्षक वाइल्ड लाइफ को भेज दी गई है। वहां से अनुमति मिलने के बाद इस दुर्लभ जंतु को हस्तिनापुर में छोड़ा जाएगा।
- पीके श्रीवास्तव, जिला वनाधिकारी