-प्रशासन ने शुरू किया पंचायत चुनाव को लेकर पंचायतों का परिसीमन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। इस बार जिले के 20 गांवों में पंचायत व्यवस्था खत्म हो जाएगी। प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। वहां चुनाव नहीं होगा। चुनाव को लेकर चल रही परिसीमन की कार्रवाई में इन गांवों को बाहर रखा जाएगा। परिसीमन का काम छह जून तक पूरा होना है। उसके बाद जिले में ग्राम पंचायतों की स्थिति साफ होगी।
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर इन दिनों परिसीमन का काम चल रहा है। पंचायत विभाग के अधिकारी परिसीमन करने में जुटे है। छह जून तक काम पूरा करके शासन को रिपोर्ट भेजी जानी है। इस बार गौतमबुद्धनगर के 20 गांवों में पंचायत चुनाव नहीं कराए जाने की अटकलें लगाई जा रही है। इनमें पंचायत व्यवस्था खत्म हो जाएगी। यह ग्राम अब न्यू नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल हो गए है। इनमें दादरी ब्लॉक के 20 गांव शामिल है। इनमें आनंदपुर, राजपुर कलां, रधुनाथपुर पार्ट, फूलपुर, नंगला नैनसुख, मिलक खंदेडा, कोट, फजलपुर, देवटा, दयानगर, छांयसा, चीती, चीरसी, चंद्रावल, नई बस्ती, बील अकबुरपुर, आनंदपुर शामिल है।
जिले में रह जाएंगी 62 ग्राम पंचायतें
जिले में 82 ग्राम पंचायतें है। न्यू नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में 20 गांवों के आ जाने के बाद यहां पंचायत व्यवस्था खत्म हो जाएगी। इसके बाद जिले में मात्र 62 गांवों में पंचायत व्यवस्था बचेगी।