भाजपा की तरफ से वार्ड-1 से मोहिनी जाटव, वार्ड-2 से गीता देवी, वार्ड-3 से देवा भाटी, वार्ड-4 से विपिन उर्फ सोनू प्रधान और वार्ड-5 से अमित चौधरी ने पर्चा दाखिल किया है। इस दौरान सांसद डा महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष विजय भाटी मौजूद रहे।
वार्ड नंबर चार पर नहीं मिला कांग्रेस को प्रत्याशी
कांग्रेस को वार्ड नंबर चार पर कोई प्रत्याशी नहीं मिला है। पार्टी कैमराला निवासी विजयपाल को लड़ाने की तैयारी कर रही थी, लेकिन कोरोना संक्रमित होने से ऐसा नहीं हो सका। अन्य कार्यकर्ता का नामांकन कराने का प्रयास भी किया, लेकिन सभी कागजात पूरे नहीं हो सके। जिस पर कांग्रेस ने किसी मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला लिया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि पार्टी किसी को अपना समर्थन देंगी। वहीं, बृहस्पतिवार को वार्ड-1 से सावित्री, वार्ड-2 से रुपल नागर, वार्ड-3 से राजेंद्र फौजी और वार्ड-5 से वरुण भाटी ने नामांकन किया है।
एक सीट पर बसपा ने नहीं उतारा प्रत्याशी
बसपा ने वार्ड नंबर एक पर कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। जिलाध्यक्ष लक्ष्मी सिंह का कहना है कि वार्ड एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वहां पर पार्टी के काफी कार्यकर्ताओं ने टिकट मांगा था, लेकिन किसी को टिकट नहीं दिया गया। बाकी वार्ड नंबर दो से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जयवती नागर, वार्ड नंबर चार से अवनीश भाटी ने नामांकन किया है। बृहस्पतिवार को वार्ड नंबर तीन से वीरेंद्र प्रधान और वार्ड नंबर पांच से ठाकुर कपिल छोंकर ने पर्चा दाखिल किया है।
ग्रेटर नोएडा में धारा-144 के साथ-साथ कोविड-19 की गाइडलाइन भी लागू है, लेकिन बृहस्पतिवार को नामांकन के दौरान भाजपा के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका पालन नहीं किया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट के गेट पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी थी। नामांकन करने के बाद जब सभी प्रत्याशी बाहर पहुंचे तो उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। काफी ने मास्क भी नहीं लगाया हुआ था। भीड़ में सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी मौजूद रहे। पुलिस ने भीड़ को हटाने की जरूरत नहीं समझी। जबकि पांच से अधिक लोगों के एकत्रित होने पर रोक है।
घूंघट में नामांकन करने पहुंची प्रत्याशी
एक महिला घूंघट में जिला पंचायत सदस्य के पद पर नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंची। बिसाहड़ा गांव निवासी सुधा ने वार्ड नंबर एक से पर्चा दाखिल किया। दोपहर 12 बजे के बाद वे नामांकन करने पहुंची थीं। कलेक्ट्रेट में आने से लेकर पर्चा दाखिल करने के दौरान और वापस जाने तक प्रत्याशी घूंघट में रही।
पंचायत चुनाव के कुल प्रत्याशी
ब्लॉक ग्राम प्रधान बीडीसी ग्राम पंचायत सदस्य
बिसरख 340 318 270
जेवर 451 262 502
दादरी 265 230 294
कुल 1056 810 1066
जिला पंचायत सदस्य पदों के कुल प्रत्याशी
वार्ड नामांकन पत्र
एक 17
दो 09
तीन 13
चार 12
पांच 17
कुल 68