बुढांसी गांव के मजरा नगला खेम में शुक्रवार की रात चोरों ने तीन घरों में हाथ साफ किया। करीब चार लाख रुपये कीमत के गहने और नकदी चुराकर ले गए। एक परिवार में अक्तूबर माह में बेटी का निकाह था, जिसके लिए गहने और नकदी जोड़कर बक्से में रखी थी।
आधी रात में चोरी की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने चोरों की तलाश शुरू की तो खेतों में बक्से पड़े मिले, जिनमें गहने और नकदी गायब थी।
नगला खेम निवासी अंसार खां ने बताया कि अक्तूबर माह में उनकी बेटी का निकाह होना है। इसकी तैयारी घर पर चल रही है। इसके लिए गहने और 50 हजार की नकदी बक्से में रखी थी। शुक्रवार को आधी रात में घर में घुसे चोर गहनों और नकदी वाला बक्सा उठाकर ले गए। उनके पड़ोसी जाहिद के घर में भी घुसकर तिजोरी में रखी 22 हजार की नकदी और मुबीन के घर बक्से में रखे 5100 रुपये की नकदी और गहने चोर ले गए।
चोरी की जानकारी होने पर रात करीब डेढ़ बजे ग्रामीणों ने हरदुआगंज पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण चोरों की तलाश में निकले। इस दौरान गांव के बाहर एक खेत में तीनों घरों से चोरी किए गए बक्से और सूटकेस खाली पड़े मिले हैं। तीनों पीड़ितों ने करीब चार लाख रुपये से अधिक की नकदी व गहनों की चोरी की बात पुलिस को बताई।
शुक्रवार की रात चोरी की सूचना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच-पड़ताल में क्या सामने आया इसकी अभी जानकारी नहीं है। -राजीव कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी अतरौली।