नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के मौके पर शनिवार को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह कार्यक्रम एम्स के टीचिंग ब्लॉक लेक्चर थिएटर में हुआ। इसमें छात्रों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का विषय ‘सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’ रहा। बच्चों और कर्मचारियों ने अपने चित्रों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व को दिखाया। इससे दैनिक जीवन में सतर्कता की समझ को बढ़ावा मिला। एम्स निदेशक प्रो. एम श्रीनिवास ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को नैतिकता व्यक्त करने का मौका देते हैं। रजिस्ट्रार डॉ. (प्रो.) जीपी रथ ने बताया कि यह कार्यक्रम नैतिक जिम्मेदारी की भावना जगाता है। प्रो. रीमा दादा ने कहा कि यह सरदार पटेल की जयंती पर हुआ। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हम ईमानदारी सिखाते हैं। विजेताओं की घोषणा जल्द होगी। ब्यूरो