बड़ूही (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्वार में सोमवार को विश्व ओजोन दिवस मनाया गया। शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अध्यापकों के निर्देशन और इको क्लब के सौजन्य से यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस दौरान प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और नारा लेखन जैसी अंतर-सदन प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने ओजोन परत संरक्षण और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कल्पना चावला सदन प्रथम और स्वामी विवेकानंद सदन द्वितीय स्थान पर रहा। प्रधानाचार्य राजेश पटियाल ने कहा कि ओजोन परत धरती पर जीवन के लिए सुरक्षा कवच है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है।
उन्होंने बच्चों से पर्यावरण हितैषी आदतें अपनाने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। अंत में विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया।