फोटो 06 रोष प्रकट करते हुए विभिन्न संगठनों के लोग। प्रवक्ता
नारनौल। एडीजीपी वाई पूरन कुमार की 7 अक्तूबर को हुई मौत के मामले में संगठनों ने आक्रोश जताया। इसको लेकर बैठक महर्षि वाल्मीकि सभा में की गई। रोष प्रकट करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। दो मिनट का मौन भी रखा गया।
संगठनों ने हस्ताक्षर युक्त पत्र राष्ट्रपति, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर मांग की गई कि इस मामले की हाईकोर्ट के सीटिंग जज से जांच करवाई जाए। पुलिस व प्रशासन के दोषी उच्चाधिकारियों को निलंबित कर कड़ी सजा दी जाए।
बैठक का संचालन करते हुए समिति के महासचिव बिरदी चंद गोठवाल ने बताया कि मृत अधिकारी की आईएएस पत्नी ने इस मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस को अपनी शिकायत दी। इसमें उन्होंने हरियाणा के वर्तमान डीजीपी शत्रुजीत कपूर व रोहतक के एसपी नरेन्द्र बिजारणिया सहित कई अन्य आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को पति की मौत के लिए उत्तरदायी ठहराया है। बैठक में शिवनारायण मोरवाल, जयपाल सिंह, भूप सिंह भारती, सुमेर सिंह गोठवाल, दयानंद सांवरिया, महेंद्र सिंह व सुंदरलाल जोरासिया आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।