वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ा, बीस फीसदी मरीज बढ़े
जिला अस्पताल के इमरजेंसी और मेडिसिन वार्ड में बेड हुए फुल, ठीक होने में लग रहे सात से आठ दिन
फोटो जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा लेने के लिए लगी लंबी लाइन।
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मौसम में बदलाव के साथ ही वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। जिला अस्पताल में करीब 20 फीसदी मरीज बढ़ गए हैं। ऐसे में अस्पताल की इमरजेंसी और मेडिसिन वार्ड में बेड फुल हो गए हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अगर इससे अधिक मरीज बढ़े तो बेड बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है।
जिला अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक रोजाना करीब 3200 तक ओपीडी पहुंच रही है। इसमें से करीब 800 से 900 मरीज केवल मेडिसिन ओपीडी में दिखाने के लिए आ रहे हैं। यह आंकड़े पिछले दिनाें की तुलना में करीब 15 से 20 फीसदी अधिक हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अनुराग सागर ने बताया कि बुखार के मरीजों को इस बार ठीक होने में अधिक समय लग रहा है। आमतौर पर वायरल संक्रमण को ठीक होने में तीन से पांच दिन का समय लगता है। इस बार सात से आठ दिन का औसत समय ठीक होने में लग रहा है। ऐसे में मरीजों को दवाओं के साथ आराम करने की भी सलाह दी जा रही है। वायरल संक्रमण लंबा खिंचने की वजह से लोग कमजोरी की शिकायत भी कर रहे हैं। कुछ लोगों में खांसी भी बनी रह सकती है। ऐसे में ठंडा पेय पदार्थ लेने से बचें। खाने में मौसमी फल और सलाद शामिल करें। खाना ताजा व गर्म खाएं।
इनसेट
ईएसआईसी में भी 80 फीसदी बेड खाली नहीं
जिला अस्पताल ही नहीं ईएसआईसी अस्पताल में भी बुखार और वायरल संक्रमण के मरीज बढ़े हैं। प्रवक्ता डॉ. सोना बेदी का कहना है कि बुखार के मरीज बढ़ने की वजह से 80 फीसदी बेड फुल हो चुके हैं। निदेशक डॉ. संगीता माथुर ने आदेश किया है कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए फर्श पर नहीं रखें। वैकल्पिक इंतजाम स्वास्थ्य अधिकारी करें। एक बेड पर अगर संभव हो तो दो मरीज को भी भर्ती किया जा सकता है।