ग्रेटर नोएडा(संवाद)। दादरी,सदर और जेवर तहसील में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 112 शिकायतों में से सात का मौके पर निस्तारण किया। बाकी शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारण करने का निर्देश दिया है। जेवर तहसील में स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जेवर तहसील में अध्यक्षता करते हुए जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। जेवर तहसील में कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं। तीन का मौके पर समाधान किया। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के समय से निस्तारण के लिए शासन गंभीर है। अधिकारी निस्तारण में कोताही न बरतें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अभय सिंह, एसीपी जेवर सार्थक सैंगर, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश समेत अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, दादरी तहसील में उपजिलाधिकारी अनुज नेहरा ने शिकायतें सुनी। समाधान दिवस में 65 शिकायतें आई। जिनमें से 4 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव ने शिकायतें सुनी। यहां एक शिकायत दर्ज की गई।